नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। लेकिन उससे पहले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से इस एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सांकेतिक उद्घाटन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर समाजवादी पार्टी के काम का श्रेय लेने का भी आरोप लगाया।

अखिलेश यादव ने ट्वीट ने लिखा, फ़ीता आया लखनऊ से और नई दिल्ली से कैंची आई, सपा के काम का श्रेय लेने को मची है ‘खिचम-खिंचाई’, आशा है अब तक अकेले में बैठकर लखनऊ वालों ने ‘समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे’ की लंबाई का आंकड़ा रट लिया होगा।  सपा ‘बहुरंगी पुष्पवर्षा’ से इसका उद्घाटन करके एकरंगी सोच वालों को जवाब देगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 नवंबर को सुल्तानपुर में करीब 22,500 करोड़ रुपये की लागत से बने 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया । हालांकि उससे पहले ही अखिलेश यादव ने सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर काम की गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाया है।

अखिलेश ने कहा, जिस गुणवत्ता के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बनाया जाना था, उससे समझौता किया गया है। हाल ही में हुई बारिश ने इस एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता को उजागर कर दिया है। मुझे नहीं पता कि भारतीय जनता पार्टी ने किस तरह का मिथ्याकरण किया है, लेकिन अगर आप इस एक्सप्रेस-वे पर गति करते हैं, तो आपको पीठ दर्द और पेट दर्द हो सकता है'। समाजवादी पार्टी द्वारा गाजीपुर जिला प्रशासन द्वारा एक्सप्रेस-वे चलाने की अनुमति से इनकार करने के बाद भी अखिलेश ने मंगलवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की घोषणा की।