आज-कल देश के बड़े नेता या संसद, सामाजिक आयोजनों और अन्य जगहों पर अनौपचारिक रूप से मिलते ही रहते हैं। लेकिन कुछ मुलाकातें यादगार बन जाती हैं और उन्हें सुर्खियां बटोरने में देर नहीं लगती। ऐसा ही एक वाकया उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के आवास पर एक शादी समारोह में हुआ। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और मुलायम सिंह यादव को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के घर पर एक शादी के रिसेप्शन में एक ही सोफे पर एक साथ बैठे देखा गया। दोनों के बीच बातचीत भी हुई। शादी में उनका आना एक सामान्य मुलाकात मानी जा सकती है, लेकिन दो अलग-अलग विचारधाराओं से जुड़ी इस शख्सियत के इस दौरे की काफी चर्चा है।
इस तस्वीर को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने किया ट्वीट :
इस तस्वीर को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने ट्वीट किया। आज उनका जन्मदिन है और उन्हें संघ अध्यक्ष का आशीर्वाद मिल रहा है। दरअसल, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की पोती की शादी में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीफ जस्टिस एनवी रमन्ना भी शामिल हुए थे। समारोह का आयोजन उपराष्ट्रपति के आवास पर किया गया। नायडू और उनकी पत्नी उषा नायडू ने अपनी पोती निहारिका की शादी के मौके पर रिसेप्शन दिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परम पूज्य सरसंघचालक मा. @DrMohanBhagwat जी से आज जन्मदिवस के अवसर पर आत्मीय भेंट करके आशीर्वाद लिया।आपका स्नेह, सहयोग, मार्गदर्शन, सदैव कर्तव्य पथ पर चलते हुए माँ भारती की निरंतर सेवा करने की प्रेरणा देता है। pic.twitter.com/Df01oETcKM
— Arjun Ram Meghwal (@arjunrammeghwal) December 20, 2021
समारोह में आए अतिथियों ने दूल्हा-दुल्हन को दिया आशीर्वाद :
निहारिका की हाल ही में रवितेजा से शादी हुई थी। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अलावा सभी केंद्रीय मंत्री, सांसद और सरकारी अधिकारी भी मौजूद थे। समारोह में पहुंचे अतिथियों ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। निहारिका उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के बेटे हर्षवर्धन मुपावरपु की बेटी हैं।
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान !
गौरतलब है कि इस समय यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे यूपी में सत्तारूढ़ भाजपा की तुलना में आक्रामक रुख अपना रहे हैं। हाल ही में सपा सुप्रीमो के करीबी रिश्तेदारों के घरों पर छापेमारी के बाद से दोनों पक्षों में तनातनी तेज हो गई है। पीएम मोदी भी लगातार यूपी का दौरा कर रहे हैं और सपा पर निशाना साधने से नहीं चूक रहे हैं। लेकिन इन सबके बीच यह तस्वीर काफ़ी चर्चा में बनी हुई हैं।