पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी जोरों पर हैं। चुनाव आयोग द्वारा घोषित चुनावी तारीखों के अनुसार, पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 14 फरवरी से शुरू होगा। इससे पहले कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। जिसके तहत पंजाब कांग्रेस फिल्म अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद को पार्टी में शामिल करने जा रही है। इससे पहले, CM चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को मोगा का दौरा किया और अभिनेता सोनू सूद और उनकी बहन मालविका सूद से उनके घर पर मुलाकात की।

मालविका को मोगा से उतार सकती है कांग्रेस : सूत्र 

कांग्रेस विधानसभा चुनाव में सोनू सूद की बहन मालविका सूद को मोगा विधानसभा सीट से मैदान में उतार सकती है। मिली जानकारी के अनुसार, मालविका ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली हैं। सोनू सूद ने पिछले महीने चंडीगढ़ के पास एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें उन्होंने घोषणा की कि उनकी बहन मालविका चुनाव लड़ेंगी। हालांकि इस दौरान उन्होंने पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से भी मुलाकात की थी। जिसके बाद पंजाब में राजनीतिक गतिविधि तेज हो गई थी और उनके जल्द कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि एक हफ्ते पहले सोनू सूद ने कहा था कि, उन्हें कई पार्टियों से ऑफर मिल रहे हैं। मालूम हो कि मालविका सोनू सूद की छोटी बहन हैं। 38 साल की मालविका मोगा में कोचिंग सेंटर चलाती हैं।

मोगा ने मालविका की उम्मीदवारी का विरोध शुरू :

कांग्रेस अभिनेता सोनू सूद की बहन को कांग्रेस द्वारा मोगा से टिकट दिए जाने की अटकलों के बाद विरोध भी शुरू हो गया है। दरअसल पिछली बार यह सीट कांग्रेस के हरजोत कमल ने जीती थी। उनका इस इलाके में जनाधार भी ठीक बताया जाता है, लेकिन मालविका के आने से उनका टिकट रद्द होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में हरजोत कमल ने रविवार को क्षेत्र में अपने साथियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने इस फैसले को पार्टी का मनमाना फैसला करार दिया। माना जा रहा है कि टिकट न मिलने से नाराज हरजोत पार्टी के खिलाफ बगावत कर सकते हैं।