865 मतदान केंद्रों पर खास नजर...

• दो करोड़ की शराब व चार करोड़ नकद बरामद 

• उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने कसा शिकंजा

भोपाल: मप्र के खंडवा संसदीय क्षेत्र समेत जोबट, पृथ्वीपुर और रैगांव विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए 865 मतदान केंद्रों को संवेदनशील केंद्रों की सूची में रखा गया है। यहां बेहद खास निगरानी तंत्र स्थापित किया गया है। इन पर एक हजार 235 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। खंडवा और रैगांव निर्वाचन क्षेत्र में 15 से अधिक उम्मीदवार होने के कारण दो- दो बैलेट यूनिट का उपयोग किया जाएगा।

इन चुनाव क्षेत्रों में आगामी 30 अक्टूबर को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इसके लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। 

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल का कहना है कि 26 लाख 50 हजार चार मतदाता उपचुनाव में मताधिकार का उपयोग करेंगे। मतदान के लिए कुल तीन हजार 944 केंद्र बनाए गए हैं। 10 हजार 27 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, पांच हजार 517 कंट्रोल यूनिट और पांच हजार 886 वीवीपैट का उपयोग किया जाएगा। माकपोल इस बार मतदान से 90 मिनट पहले होगा।

चुनाव क्षेत्रों में शिवराज ने गुजारी पांच राते...

चुनाव जीतने के लिये भाजपा और कांग्रेस ने हर संभव जतन कर लिये हैं। चूंकि अब चुनाव प्रचार की मियाद खत्म हो चुकी है तो बूथ प्रबंधन व निजी संपर्कों के जरिये मतदाताओं में खंडवा को टटोला जा रहा है। सभी दिग्गज अब क्षेत्रों से के दौर लोकसभा सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने धुआंधार प्रचार किया है। उन्होंने 39 जनसभाएं की और चुनाव वाले क्षेत्रों में पांच रात्रि विश्राम किए। जिसमें जोबट, रैगांव खंडवा, बुरहानपुर और पृथ्वीपुर शामिल हैं।

इन दिग्गजों ने भी की चुनावी सभाएं...

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने 21 जनसभाएं ली, सात युवा सम्मेलन किए। वहीं, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 12 अक्टूबर से उपचुनाव में 15 स्थानों पर सभा को संबोधित किया। दिग्विजय सिंह ने तीन व उमा भारती ने 14 सभा ली है। इधर, चुनाव प्रचार थमने के बाद से अब कोई भी राजनीतिक दल इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक रूप से चुनाव प्रचार नहीं कर पाएगा। चारों स्थानों पर 30 अक्टूबर को मतदान होना है।

16 हजार बंदूक जमा...

अयोग ने कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए 16 हजार 338 लायसेंसी हथियार, 332 गैर लायसेंसी हथियार जमा कराए गए है। दो हजार 170 गैर जमानती वारंट तामील कराए गए हैं। 85 नाके पुलिस विभाग द्वारा बनाए गए हैं। 24 ऐसे क्षेत्र भी चिन्हित किए गए हैं, जहां मतदाताओं को प्रभावित किया जा सकता है इसके अलावा प्रत्याशियों के व्यय पर निगरानी के तहत चार करोड़ 16 लाख रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं। एक करोड़ 81 लाख रुपये की शराब जब्त करने की कार्रवाई की गई है। 28.95 किलोग्राम गाजा व अफीम पकड़ी गई है, जिसका मूल्य 76 हजार पांच सौ रुपये है।