स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को योगी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया और बीजेपी से अलग होने का ऐलान भी किया. यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के लिए यह चौंकाने वाली खबर थी. लेकिन आगे क्या होगा ? सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या स्वामी प्रसाद मौर्य अब समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. इस्तीफ़े के तुरंत बाद अखिलेश यादव के साथ उनकी तस्वीर उसी ओर इशारा कर रही थी लेकिन मौर्य की बेटी ने इससे इनकार किया. इसलिए मौर्य ने अभी तक सपा में शामिल होना स्वीकार नहीं किया है. दूसरी तरफ बीजेपी भी मौर्य को मनाने की कोशिश कर रही है. मौर्य के साथ पार्टी छोड़ने वाले विधायकों और उनके समर्थकों की ओर से भी अलग-अलग बयान आ रहे हैं.

मौर्य से नहीं किया संपर्क : बीजेपी

बीजेपी के किसी भी वरिष्ठ नेता या केंद्रीय नेता ने स्वामी प्रसाद मौर्य से संपर्क नहीं किया है. बीजेपी सूत्रों के मुताबिक मौर्य के पहले पार्टी छोड़ने की उम्मीद थी. इसलिए उनके इस्तीफे के बाद भी उनसे कोई संपर्क नहीं किया गया है. पहले कहा गया था कि उन्हें मनाने की कोशिश की जा रही है.

बृजेश प्रजापति बोले स्वामी प्रसाद हमारे नेता :

स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ बीजेपी से इस्तीफा देने वाले बांदा के तिंदवारी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बृजेश प्रजापति ने कहा, 'स्वामी प्रसाद मौर्य हमारे नेता हैं. 14 तारीख को बैठक के बाद तय होगा कि किस पार्टी में शामिल होना है.' किस पार्टी में शामिल होना है, इस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है. हम उसी पार्टी में शामिल होंगे जिसमें स्वामी प्रसाद मौर्य शामिल होंगे. बृजेश प्रजापति ने आगे कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एक अच्छे इंसान है. समाज उन्हें आशा की दृष्टि से देखती है, लेकिन अंतिम निर्णय मौर्य को ही लेना है. उन्होंने अभी तक अपना निर्णय नहीं लिया है. राजनीति में कई विकल्प हमेशा खुले होते हैं.

स्वामी प्रसाद मौर्य ने योगी मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है और पिछड़ों और दलितों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए भाजपा छोड़ने की घोषणा की है. ऐसे संकेत हैं कि मौर्य समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे लेकिन उन्होंने अभी तक आधिकारिक तौर पर समाजवादी पार्टी में शामिल होने की बात नहीं कहीं है. यह अगली 15-16 तारीख़ में तय किया जाएगा.