नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में प्रदूषण की स्थिति जस की तस बनी हुई है. इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार ने अब बड़ा कदम उठाया है. केंद्र ने एक टास्क फोर्स और एक उड़न दस्ते का गठन किया है. केंद्र सरकार ने पांच सदस्यीय टास्क फोर्स का गठन किया, जिसे विधायिका द्वारा भी अधिकार दिया गया है. इसके अलावा 17 फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया है.

सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किया हलफनामा :

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया. हलफनामे के अनुसार, आयोग और केंद्र ने प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के 2 दिसंबर के आदेश के अनुरूप पांच सदस्यीय प्रवर्तन कार्य बल का गठन किया है.

टास्क फोर्स को दंडित करने का अधिकार :

इस टास्क फोर्स को प्रदूषण फैलाने वाले को दंडित करने और रोकने के लिए विधायी शक्तियां दी गई हैं. एमएम कुट्टी (सीएक्यूएम के अध्यक्ष) और सीपीसीबी के अध्यक्ष तन्मय कुमार इस टास्क फोर्स के प्रमुख सदस्य होंगे. इसके अलावा मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष विभा धवन और सीएक्यूएम एनजीओ सदस्य आशीष धवन भी टास्क फोर्स के सदस्य हैं.

दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति :

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) आज सुबह 385 रहा, जबकि नोएडा में 562 और गुरुग्राम में 413 एक्यूआई दर्ज किया गया. वहीं, गाजियाबाद मे 222 रिकॉर्ड किया गया. इससे पहले गुरुवार (2 दिसंबर) को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 342 था.