मप्र की खंडवा संसदीय सीट समेत पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घड़ी करीब आ गई है। 30 अटूबर को इन क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बल की 50 कंपनियां तैनात होंगी।
अब तक 17 कपंनियां आ चुकी हैं और 37 कंपनियां भी कल तक आ जाएंगी। इसके अलावा प्रदेश के सुरक्षा बल और होमगार्ड को भी तैनात किया जा रहा है।
निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि उपचुनाव के लिए मतदान दो हजार 910 मतदान केंद्रों पर होगा। एक हजार से अधिक मतदाताओं की वजह से 543 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 24 हजार कर्मचारी मतदान केंद्रों पर तैनात होंगे।
खंडवा संसदीय क्षेत्र के नेपानगर, बुरहानपुर और भीकनगांव के साथ पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभा क्षेत्र महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गुजरात की सीमा से लगे हैं। मतदान के दिन कहीं भी कानून व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े इसके लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बल की 50 कंपनियां तैनात की जा रही हैं। इसमें 17 कंपनियां आ चुकी हैं और बाकी आज-कल में चुनाव क्षेत्रों में पहुंच जाएंगी।
इसके अलावा राज्य के सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल के साथ और होमगार्ड भी तैनात किए जा रहे हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल मौजूद रहेगा।