भोपाल: एमपी हाईकोर्ट ने अपने ऑनलाईन पोर्टल पर राज्य सरकार के विभागवार प्रकरणों की जानकारी प्रदर्शित करने का प्रावधान किया है ताकि इनके बारे में सहजता से विभागीय अधिकारियों को जानकारी मिल सके और वे इनके निराकरण हेतु सजग रहें।
राज्य के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने सभी सरकारी विभागों को इसकी जानकारी देते हुये कहा है कि हाईकोर्ट की इस नई सुविधा के अंतर्गत प्रभारी अधिकारी नियुक्त किये जाने, प्रचलित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त किये जाने एवं विभागवार एमआईएस (मेनेजमेंट इन्फरमेशन सिस्टम) रिपोर्ट प्राप्त करने आदि का प्रावधान किया गया है। विभाग ने कहा है कि उक्त पोर्टल पर सभी प्रशासकीय विभागों, विभागाध्यक्ष कार्यालयों एवं अन्य शासकीय संगठनों हेतु लॉग इन की सुविधा हाईकोर्ट द्वारा शीघ्र ही प्रदाय की जा रही है।