राष्ट्रीय महिला आयोग ने मंगलवार को अभिनेता सिद्धार्थ के खिलाफ कार्रवाई के लिए तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से संपर्क किया। सिद्धार्थ ने सोमवार को मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी और बीजेपी नेता साइना नेहवाल के खिलाफ आपत्तिजनक ट्वीट किया था। इस संबंध में महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि अभिनेता लगातार महिला विरोधी और अपमानजनक टिप्पणी करते रहे हैं। हालांकि सिद्धार्थ ने कहा कि उनके ट्वीट में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं था। वहीं बीजेपी नेताओं ने सिद्धार्थ के ट्वीट की आलोचना की है।

मामला सामने आने के बाद महिला आयोग ने इस मामले को उठाया है। उन्होंने महाराष्ट्र के डीजीपी कों भी मामले की तत्काल जांच करने और सिद्धार्थ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। वहीं आयोग ने ट्विटर से उस ट्वीट को डिलीट करने और एक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।

सिद्धार्थ के बयान पर साइना ने क्या कहा ?

साइना ने कहा "मुझे नहीं पता कि इसका क्या मतलब है,"। मैं उन्हें एक अभिनेता के रूप में पसंद करती थी, लेकिन वह सही नहीं थे। वह अपने शब्दों को बेहतर शब्दों में बयां कर सकते थे। यह ट्विटर है और लोग आपकी बातों पर ध्यान देते हैं। अगर पीएम की सुरक्षा एक मुद्दा है तो मुझे नहीं पता कि देश में क्या सुरक्षित है।

सिद्धार्थ को माफी मांगनी चाहिए- साइना के पिता

साइना के पिता हरवीर सिंह नेहवाल ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि उन्होंने जो कुछ भी कहा वह बहुत गलत था। उन्होंने साइना के खिलाफ बेहद गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। हम उनके बयान की निंदा करते हैं। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए, भले ही उन्होंने जाने या अनजाने में यह टिप्पणी की हो।

क्या था साइना का ट्वीट :

गौरतलब है कि साइना नेहवाल ने हाल ही में पीएम की सुरक्षा चूक को लेकर ट्वीट किया था। जिसमें साइना ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री की सुरक्षा से समझौता किया जाता है तो देश खुद को सुरक्षित नहीं कह सकता। आगे कहा कि वह पंजाब में हुई घटना की कड़ी निंदा करती है। साइना नेहवाल के इस ट्वीट को अभिनेता सिद्धार्थ ने रीट्वीट किया। इसके साथ उन्होंने दोहरे अर्थ वाले शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद यह विवाद शुरू हों गया।