धार के निसारपुर के बजरीखेड़ा गांव में एक रोमांचक नजारा देखने को मिला है. यहां रहने वाले किरण गिरी नाम के किसान ने चार दिन पहले अपने खेत में दो बच्चों को देखा। उन्हें लगा कि वे बिल्ली के बच्चे हैं, इसलिए वे उन्हें अपने साथ घर ले आए। 

उन्हें रोज दूध दिया जाता था, रोज नहलाया जाता था और ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाये जाते थे। वे तेंदुए के शावक थे। चार दिन पहले बजरीखेड़ा के निवासियों ने वन विभाग को जानकारी दी थी कि गन्ने के खेत में दो बच्चे मिले हैं।

वे बेबी लेपर्ड की तरह दिखते हैं। वन विभाग ने कहा जंगली बिल्ली के बच्चे होंगे। बच्चों को जंगल में छोड़ने को कहा गया। हालांकि किसान उन्हें अपने साथ ले आया। तीन दिन बाद बच्चे गुर्राने लगे, तो किसान को शक हुआ कि ये बिल्ली के बच्चे नहीं हो सकते। इसके बाद किसान उसे निसारपुर चौकी ले गया।

एएसआई आशुतोष जोशी ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने उन्हें निसारपुर वन विभाग चौकी स्थित जीएस सोलंकी वनपाल को सौंप दिया।