माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) से बोर्ड परीक्षाएं पास करने वालों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। माशिमं अब 1957 से लेकर 1970 तक के परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेजों को नष्ट करने की तैयारी कर रहा है।
ऐसे में इन सत्रों के दौरान परीक्षाएं पास करने वालों के लिए अपने दस्तावेज लेने के लिए तीन माह का समय है। इसके बाद माशिमं द्वारा यह दस्तावेज नष्ट कर दिए जाएंगे। इसमें परीक्षाओं की अंकसूची संबंधी दस्तावेज (टीआर फाईल/काउंटर फाइल) शामिल हैं।
दरअसल, इन दस्तावेजों के कागज पुराने होने के कारण खराब हो रहे हैं और इनका वर्तमान में उपयोग नहीं होने के कारण इन्हें विनष्ट करने का निर्णय लिया गया है। यह प्रक्रिया तीन माह के अंदर पूरी की जाएगी। इसको लेकर माशिमं ने आदेश जारी कर दिए हैं।
माशिमं जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार मालवीय ने बताया कि माशिमं द्वारा वर्ष 1957 से 1970 तक संचालित विभिन्न परीक्षाओं के दस्तावेज का कागज पुराना होने से खराब हो रहे हैं।
ऐसे में आम लोगों को यह सूचित जा रहा है कि यदि किसी को उक्त अवधि के विभिन्न परीक्षाओं से संबंधित प्रतिलिपि प्रमाण-पत्र, अंकसूची, प्रोविजनल प्रमाण पत्र, डॉक्यूमेंट का अंग्रेजी अनुवाद आदि की जरूरत हो तो वह तीन के अंदर मंडल कार्यालय को आवेदन कर सकते हैं। तीन माह के बाद इन दस्तावेजों को विनिष्ट कर दिया जाएगा।