भोपाल: राज्य निर्वाचन आयोग ने आने वाले त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनावों के लिये दिशा-निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को जारी किये हैं। जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्य के चुनाव इलेक्ट्रानिक वाटिंग मशीन के माध्यम से होंगे तथा इसमें हर पद के लिये तीन बैलेट यूनिट लगाई जायेंगी। पहले बैलेट में सरपंच पद हेतु नीले, दूसरी बैलेट यूनिट में जनपद सदस्य पद हेतु पीले एवं तीसरी बैलेट यूनिट में जिला पंचायत सदस्य पद हेतु गुलाबी रंग की मतपत्र लगाये जायेंगे। पंचों के चुनाव मतपेटी के माध्यम से होंगे जिसमें मतपत्र का रंग सफेद होगा।
इसी प्रकार, मतगणना के बाद ए फोर साईज के पेपर में निर्वाचन प्रमाण-पत्र पंच पद के लिये सफेद रंग में, सरपंच पद के लिये नीले रंग में, जनपद सदस्य के पद के लिये पीले रंग में तथा जिला पंचायत सदस्य के पद हेतु गुलाबी रंग में दिया जायेगा। पंच के पदों के चुनाव में मतपत्रों की गणना संबंधित मतदान केंद्र में ही होगी जबकि शेष ईवीएम चुनावों की गणना विकासखण्ड मुख्यालय पर होगी।
जिलों के कोड निर्धारित :
राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनावों के लिये पंच, सरपंच, जनपद एवं जिला पंचायत सदस्यों के मतपत्रों के जिला कोड निर्धारित कर दिये हैं। मुरैना जिले को ए कोड दिया गया है जबकि जबलपुर जिले को आईआई, सतना जिले को आरआर, छिन्दवाड़ा जिले को एलएल, छतरपुर जिले को ईई तथा सिंगरौली जिले को डब्ल्युडब्ल्यु कोड दिया गया है। नवगठित निवाड़ी जिले को जेडजेड कोड आवंटित किया गया है। इन कोड का सभी 52 जिलों के मतपत्रों में उल्लेख होगा।