भोपाल: राज्य सरकार ने प्रदेश के तीन विश्वविद्यालयों को लोकल फण्ड आडिट के दायरे में ला दिया है। ये तीन विवि हैं : महाराजा छत्रसाल बुंदेलखण्ड विवि छतरपुर, छिन्दवाड़ा विवि छिन्दवाड़ा तथा धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विवि जबलपुर। इन विश्वविद्यालयों से आडिट करने का शुल्क भी लिया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य के वित्त विभाग के अंतर्गत लोकल फण्ड आडिट यानि संचालनालय स्थानिय निधि संपरीक्षा कार्यरत है। यह प्रदेश के स्थानीय निकाय, नगर पालिकाओं और अनुदान एवं सहायता प्राप्त संस्थानों की लेखा परीक्षा करता है तथा आडिट में मिली अनियमितताओं के संबंध में सरकार और उनके अधिकारियों को रिपोर्ट देता है। इसके प्रदेश में सात क्षेत्रीय जबलपुर, रीवा, सागर, इंदौर, उज्जैन, भोपाल और ग्वालियर (प्रधान कार्यालय) में स्थित हैं। इससे पहले लोकल फण्ड आडिट प्रदेश के 24 विश्वविद्यालयों का आडिट कर रहा था तथा तीन नये विवि जुडऩे पर इनकी संख्या अब 27 हो गई है।