उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) को एक के बाद एक झटके लग रहे हैं और विधायक पार्टी छोड़ने के लिए कतार में लगे हैं. अब इसमें एक नया नाम जुड़ गया है,क्योंकि योगी सरकार के मंत्री धर्म सिंह सैनी ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

सरकारी आवास व सुरक्षा भी छोड़ी :

सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक धर्म सिंह सैनी ने इस्तीफा देकर सरकारी आवास और सुरक्षा व्यवस्था छोड़ दी है. उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया. लेकिन उन्होंने अपने इस्तीफ़े वाले बयान पर सहमति जताई है. 

सैनी ने पार्टी छोड़ने से किया इनकार : 

कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद धर्मसिंह सैनी ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य मेरे बड़े भाई हैं और रहेंगे. मुझे नहीं पता कि उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया, मुझे पता है कि मेरा नाम उन लोगों की सूची में शामिल किया जा रहा है जो सपा में शामिल होंगे. लेकिन मैं इसका खंडन करता हूं क्योंकि मैं अभी बीजेपी में ही हूं. 

सपा में शामिल होने की अटकले :

योगी के कैबिनेट से इस्तीफा देने के बाद धर्मसिंह सैनी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की. साथ ही अब अखिलेश यादव ने भी ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘सामाजिक न्याय’ के एक और योद्धा डॉ. धर्म सिंह सैनी के आने से, सबका मेल-मिलाप-मिलन करानेवाली हमारी ‘सकारात्मक और प्रगतिशील राजनीति’ को और भी उत्साह व बल मिला है. सपा में उनका ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन..! बाइस में समावेशी-सौहार्द की जीत निश्चित है !

तीन दिन में तीन मंत्रियों ने दिया इस्तीफा :

योगी सरकार के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया और भाजपा से इस्तीफे की घोषणा की. बाद में वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान ने भी इस्तीफा दे दिया. अब आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी ने भी अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

अब तक 14 नेताओं ने दिया इस्तीफा :

1.स्वामी प्रसाद मौर्य
2.भगवती सागर
3.रोशनलाल वर्मा
4.विनय शाक्य-
5.अवतार सिंह भाड़ाना
6.दारा सिंह चौहान
7.बृजेश प्रजापति
8.मुकेश वर्मा
9.राकेश राठौर
10.जय चौबे
11.माधुरी वर्मा
12.आर के  शर्मा
13. बाला अवस्थी
14 धर्म सिंह सैनी