लखनऊ: विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश में तोड़फोड़ की सियासत शुरू हो गई है. बीजेपी के तीन विधायकों और एक-दो कैबिनेट मंत्रियों के इस्तीफ़े के बाद अब बीजेपी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को करारा झटका दिया है. समाजवादी पार्टी के एक मौजूदा विधायक और कांग्रेस के एक पूर्व विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं. हाल ही में योगी कैबिनेट के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और मंत्री दारा सिंह चौहान ने इस्तीफा दे दिया. इसके साथ ही भाजपा के तीन विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया. इस पृष्ठभूमि में आज तीन विधायक बीजेपी में शामिल हुए है इससे कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को करारा झटका लगा है.
प्रदेश अध्यक्ष श्री @swatantrabjp की उपस्थिति में कांग्रेस विधायक श्री नरेश सैनी, सपा विधायक श्री हरिओम यादव एवं पूर्व सपा विधायक श्री धर्मपाल सिंह ने भाजपा मुख्यालय पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।#BJP4UP pic.twitter.com/LwCCM2xIHs
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) January 12, 2022
सहारनपुर जिले के बेहट से कांग्रेस विधायक नरेश सैनी, फिरोजाबाद के सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक हरिओम यादव और समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक धर्मपाल यादव आज भाजपा में शामिल हो गए. तीनों नेता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए. यूपी में इस बार सीधी लड़ाई समाजवादी पार्टी और बीजेपी के बीच मानी जा रही है. बीजेपी योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरों के साथ चुनाव लड़ रही है.
स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट :
उत्तर प्रदेश में बीजेपी से इस्तीफ़ा देकर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ यूपी सरकार ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. जानकारी के अनुसार, यह पुराना मामला हों सकता है. सुल्तानपुर की एक अदालत ने 24 जनवरी तक के लिए गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. अब उन्हें इस वारंट के आधार पर 24 जनवरी तक कोर्ट में पेश होना होगा.
यूपी चुनाव का पूरा कार्यक्रम :
चुनाव आयोग ने 8 जनवरी को उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा की. 403 सीटों वाली 18वीं विधानसभा के लिए सात चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च तक मतदान होगा. चुनाव परिणाम 10 मार्च को जारी किए जाएंगे. यूपी में सात चरणों में 10 फरवरी, 14 फरवरी, 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को मतदान होगा.