भोपाल: प्रदेश के पन्ना जिले में डायमण्ड म्युजियम बनाने के लिये डीपीआर तैयार हो रही है तथा इसके अगले एक माह में आने का इंतजार है। यह म्युजियम पन्ना शहर के यादवेन्द्र क्लब परिसर में बनाया जाना प्रस्तावित है।
दरअसल राज्य के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने 2 मार्च 2021 को विधानसभा में प्रस्तुत अपने बजट भाषण में घोषणा की थी कि पन्ना में डायमण्ड म्युजियम स्थापित करने की कार्य योजना बनाई जा रही है। इसके बाद कोविड की दूसरी लहर आने के कारण इस पर कोई कामकाज नहीं हो पाया। लहर खत्म होने पर इस प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग की जा रही है। पहले यह म्युजियम राज्य के पर्यटन विभाग के माध्यम से बनाया जाना था परन्तु अब इसे जिला प्रशासन, वहां अपनी हीरा खदान संचालित कर रहा एनएमडीसी के सहयोग से बनायेगा। एमएमडीसी को ही इस म्युजियम की डीपीआर बनाने का काम दिया गया है।
ऐसा होगा म्युजियम :
यह म्युजियम अंतराष्ट्रीय स्वरुप का होगा तथा इसमें एक्जीबिशन के साथ-साथ हीरों की नीलामी की भी व्यवस्था होगी। रियो टिन्टो से मिले हीरों का भी यहां एग्जीबिशन किये जाने की तैयारी है। इस म्युजियम के निर्माण की लागत करीब बीस करोड़ रुपये आंकी गई है। इसमें कुछ हिस्सा एनएमडीसी लगायेगा तथा बाकी राज्य सरकार लगायेगी। पूर्व में खजुराहो में डायमण्ड म्युजियम तथा पन्ना में डायमण्ड पार्क बनाने की योजना थी लेकिन इस पर अमल नहीं हो पाया तथा और अब सिर्फ पन्ना में डायमण्ड म्युजियम बनाया जायेगा।