भोपाल. राज्य वन सेवा के 25 अधिकारियों की आईएफएस बनने की बैटिंग समाप्त होने जा रही है. राज्य वन सेवा से आईएफएस अवार्ड के लिए 1 नवंबर को डीपीसी की बैठक आयोजित की जा रही है.
रावसे से आईएफएस पद के लिए 2 साल से डीपीसी नहीं हुई है इसलिए आईएफएस के 25 पदों के लिए एक साथ डीपीसी होने जा रही है. जिन अधिकारियों की डीपीसी होनी है, उनमें हेमंत कुमार राय कुमार, महेंद्र सिंह सोलंकी, श्रीमती भारती ठाकरे, मगन सिंह डाबर, संदीप फेलोज, शिवकरण अटोदे, लक्ष्मीकांत वासनिक, रितेश सिरोठिया, रजनीश कुमार सिंह, श्रीमती प्रतिभा शुक्ला मनोज कटारिया, श्रद्धा पंद्रे, श्रीमती प्रतिभा टिटारे, राकेश कुमार डामर, श्रीमती सीमा द्विवेदी, लोकप्रिय भारती, कुमारी हेमलता शाह, सुश्री प्रियंका चौधरी, संजय रायखेरे, अमित पटौदी, अमित कुमार सिंह चौहान, श्रीमती अर्चना पटेल, ऋषि मिश्रा और आशीष बंसोड़ के नाम शामिल है.
ये अधिकारी दौड़ से हो सकते हैं बाहर
राज्य वन सेवा के अधिकारी रामकुमार अवधिया के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है, इसलिए इनका लिफाफा बंद हो सकता है. इसके अलावा इंदू सिंह गडरिया, ध्यान सिंह निंगवाल, रमेश राठौड़ और गंदु सिंह धुर्वे के आईएफएस अवार्ड मिलने की संभावना पर पानी फिर सकता है. ओंकार सिंह मर्सकोले, काशीराम जाधव, गरीबदास बरबड़े और कैलाश भतकारे आईएफएस की दौड़ से बाहर हो सकते हैं.
डीपीसी नहीं होने से डीएफओ के कई पद थे रिक्त
राज्य शासन को रेवेन्यू जनरेट करने वाली उत्पादन वन मंडल में ही के 7 पद रिक्त पड़े हैं. इतने ही पद वन मंडल सामान्य के पद रिक्त पड़े हैं. डीएफओ सेंधवा और दक्षिण छिंदवाड़ा के पद साल भर से रिक्त पड़े हैं. इसके अलावा दक्षिण बेतूल, उत्तर शिवनी, मंडला पूर्व और दक्षिण शहडोल डीएफओ के पद भी खाली है. रिक्त पदों के कारण एसकेएस तिवारी को दक्षिण सिवनी, उत्तर सिवनी और उत्पादन वन मंडल सिवनी का प्रभार संभाल रहे हैं यानी एक अधिकारी को तीन-तीन वन मंडलों का प्रभाव दे रखा है. 15 दिन पहले ही वन विभाग ने चंदेरी एसडीओ को प्रभारी वन मंडल बड़वानी के पद पर पदस्थ किया है. एसडीओ भार्गव के संबंध में कहा जाता है कि वे राज्य वन सेवा के सीनियरिटी लिस्ट में भी सबसे नीचे हैं. उनका नाम 'वेटिंग इन आईएफएस की कतार में दूर-दूर तक नहीं है. पन्ना नेशनल पार्क सहित दो नेशनल पार्कों में उप संचालक के पद लंबे समय से रिक्त हैं. इस पद पर भारतीय वन सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना की जाती रही है.
इनका कहना
राज्य वन सेवा के 25 अफसरों को आईएफएस अवार्ड के लिए 1 नवंबर को डीपीसी की बैठक बुलाई गई है. हमने यूपीएससी से डीपीसी के लिए समय मांगा है.
आरके यादव, एपीसीसीएफ प्रशासन-एक