भोपाल: जल जीवन मिशन के लिये मप्र जल निगम ने जल संसाधन विभाग से अपनी अनेक परियोजनाओं के लिये जलाशयों से पानी का आवंटन तो करा लिया परन्तु निर्धारित राशि देकर इसका अनुबंध नहीं कराया है। राजस्व हानि को देखते हुये जल संसाधन विभाग के ईएनसी मदन सिंह डावर ने सभी मैदानी अधिकारियों से यह राशि जमा करवाने एवं अनुबंध करने के लिये निर्देश जारी किये हैं।

ईएनलसी ने अपने निर्देश में कहा है कि मप्र जल निगम को प्रदेश के विभिन्न जल स्रोतों से 1634.52 मीलियन घनमीटर वार्षिक जल आवंटन किया गया है, परंतु जल निगम द्वारा आवंटित जल के लिये अनुबंध संपादित नहीं किया गया है। इसी प्रकार से जल निकायों को आवंटित जल का अनुबंध भी पूर्णत: संपादित नहीं किया गया है।

यहां पर यह भी उल्लेखनीय हैं कि इस वर्ष 2021-2022 के लिये राजस्व संग्रहण का लक्ष्य वित्त विभाग द्वारा 550 करोड़ रूपये नियत किया गया है। इसलिये सर्वप्रथम उपरोक्तानुसार आवंटित जल का शत प्रतिशत अनुबंध कराया जाये। अनुबंध के पूर्व तीन माह का जलकर अग्रिम रूप से प्राप्त किया जाना होता है, जलकर के बिना अनुबंध किया जाना संभव नहीं है। ईएनसी ने कहा है कि अनुबंध मे जल उपयोग प्रारंभ करने की तिथि का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिये।