भोपाल: मध्य प्रदेश को प्रभावित करने वाला मौसम तंत्र आगे बढ़ गया है। उत्तर भारत के पहाड़ों में बीते दिनों भारी बर्फबारी हुई है। हवा की दिशा भी बदलकर,उत्तर-पश्चिम हो गई है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के असर से राजधानी समेत मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में 16 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि, राजधानी भोपाल में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही मंगलवार का अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने कहा कि, पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के ऊपर हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात के रूप में है। इसके प्रभाव के कारण, हरियाणा के ऊपर बना चक्रवात अब उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है। हवा की दिशा उत्तर और उत्तर पश्चिम है। शुक्ला के मुताबिक, अब मप्र का मौसम साफ होने लगेगा। इससे गुरुवार से रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। शुक्ला के मुताबिक, राज्य में 16 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं बर्फ भी गिर सकती है।