भोपाल। राज्य के जल संसाधन विभाग के ईएनसी मदन सिंह डावर ने अपने सभी मुख्य अभियंताओं को निर्देश जारी कर कहा है कि जल कर की राशि न वसूलने वाले कर्मियों को यात्रा भत्ते का भुगतान नहीं किया जाये तथा लक्ष्य के अनुसार 50 प्रतिशत तक वसूली करने पर ही उन्हें यात्रा भत्ते का भुगतान किया जाये।
ईएनसी ने ने कहा है कि जिन कार्यपालन यंत्रियों के क्षेत्र में सिंचाई राजस्व वसूली लक्ष्य के 50 प्रतिशत से कम है, उन कार्यपालन यंत्रियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाये। ईएनसी ने मुख्य अभियंताओं को भी चेताआ है कि अपेक्षाकृत वसूली नहीं होने पर उनके विरुध्द भी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।
ईएनसी ने बताया है कि इस साल जल कर की वसूली का लक्ष्य 18 करोड़ 61 लाख 24 हजार रुपये है परन्तु सितम्बर 2021 तक मात्र 2 करोड़ 9 लाख 19 हजार रुपये ही वसूल किया गया है जोकि लक्ष्य का मात्र 11.24 प्रतिशत ही है। इस पर राज्य शासन ने घोर अप्रसन्नता व्यक्त की है और शतप्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश दिये हैं।