देशभर में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सरकार द्वारा 3 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। लॉकडाउन की वजह से व्यवसाय और दुकानें बंद कर दी गई थीं। ऐसे वक्त में सरकार द्वारा जरुरी सामान जैसे किराना स्टोर, दवाइयां और सब्ज़ी आदि की दुकानें एवं ऑनलाइन डिलीवरी भी आसानी से उपलब्ध हैं। इसके साथ ही घर में बैठे अगर आप खाना नहीं बनना चाहते हैं या बाहर से कुछ खाने का मन है तो आप फ़ूड डिलीवरी का विकल्प भी चुन सकते हैं। कोरोना वायरस के कहर के बीच हर किसी के मन में यह सवाल जरुर आता है कि बाहर से ऑर्डर करने पर वो खाना कितना सुरक्षित होगा। विशेषज्ञों की मानें तो खाने के जरिए अभी तक इस संक्रमण के फैलने का कोई केस सामने नहीं आया है, माना जा रहा है कि खाने को सही तरह से पकाने पर यह वायरस मर जाता है और इसका कोई भी असर शरीर पर नहीं होता है, इस लिहाज से ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाया गया खाना पूरी तरह से सुरक्षित होता है। खाने के अलावा जिस चीज पर खास ध्यान देना है वो है उस खाने की पैकेजिंग, तो खाने का आनंद लेने से पहले आप फूड पैकेजिंग को अच्छी तरह से सैनिटाइज़ करना बिल्कुल ना भूलें। फूड डिलीवरी के दौरान होने वाले संक्रमण की उम्मीदें कम होती हैं लेकिन अप्रत्यक्ष संक्रमण से बचने के लिए कुछ एहतियात बरतना ज़रूरी हैं... ऑनलाइन पेमेंट करें- फूड डिलीवरी के वक्त कैश पेमेंट की जगह ऑनलाइन पेमेंट का विकल्प चुनें, इससे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होगा और संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में नहीं फैलेगा। पैकेजिंग को सेनिटाइज़ करें- फूड डिलीवरी के तुरंत बाद आप पैकेजिंग को सेनिटाइज करना बिल्कुल भी ना भूलें और साथ ही सेनिटाइज करने के लिए घरेलू ब्लीच का उपयोग कर सकते हैं। कॉन्टैक्टलेस डिलीवरी अपनाएं- फूड डिलीवरी के दौरान इस बात का खास ध्यान रखना बेहद जरुरी है कि आप डिलीवरी करने वाले शख्स से उचित दूरी बना कर रखें, डिलीवरी बॉय आपके खाने को दरवाजे के बाहर रख देगा और साथ आपको कॉल करके डिलीवरी की भी पुष्टि कर देगा, कॉल का विकल्प इसलिए आवश्यक है ताकि उसे डोरबेल का इस्तेमाल भी ना करना पड़े। भोजन को घर के किसी कंटेनर में निकाल लें और पैकेजिंग को डस्टबिन में डालकर अपने हाथों को साफ तरह से सेनेटाइज करें। खाने को पूरी तरह है कोरोना मुक्त बनाने के लिए आप अगर खाना ठंड़ा हो गया है तो उसे दुबारा से गर्म ज़रूर कर लें।
🏏 खेल
आप भी कर रहे हैं ऑनलाइन खाना ऑर्डर...तो ऐसे करें उसे कोरोना फ्री