भोपाल: राज्य सरकार ने सभी विभागों मुख्यतया पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, नवकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा पर सोलर लाइट, सोलर ट्री, सोलर स्टड जिसे सडक़ों के बीच में लगने वाली कैट आई भी कहा जाता है तथा सोलर हाईमास्ट लगाने पर रोक लगा दी है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में इस रोक पर निर्णय लेने के बाद सभी जिला कलेक्टरों को इस रोक के निर्देश जारी किये गये हैं। 

निर्देश में कहा गया है कि स्थानीय निकाय बहुधा शासकीय राशि से या कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी फण्ड की राशि से सोलर लाइट, सोलर ट्री सोलर स्टड एवं सोलर हाईमास्ट जैसे उपकरण स्थापित का लेते हैं। इनकी संरचना में सोलर पैनल की नियमित साफ-सफाई दुष्कर है जिसके कारण कुछ समय में ये उपकरण निष्प्रभावी हो जाते हैं और उपयोगिता राशि व्यर्थ हो जाती है। इसलिये अब पूरे राज्य में ये कार्य नहीं किये जायेंगे।