MP News: मुरैना जिले में ग्वालियर से दिल्ली जा रही एक बस अचानक खड़े डंपर से टकरा गई. इस हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई. जबकि 10 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सभी घायलों को मुरैना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. साथ ही गंभीर रूप से घायल 2 यात्रियों को ग्वालियर रेफर किया गया है. घटना आज देर रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये घटना नेशनल हाईवे-44 पर देवपुरी बाबा के पास की है. शुक्रवार देर रात (करीब 1.30 बजे) ग्वालियर से एक बस दिल्ली जाने के लिए रवाना हुई थी. बस जैसे ही मुरैना जिले में एंटर हुई तो नेशनल हाईवे 44 पर बाबा देवपुरी मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई. इस भीषण टक्कर में मौके पर ही ड्राइवर समेत तीन लोगों की मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती करवाया गया. मुरैना कलेक्टर अंकित अस्थाना समेत एसपी शैलेंद्र सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया. इसके बाद जिला अस्पताल मुरैना पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना.

एसपी शैलेंद्र सिंह ने घटना पर जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों से भरी बस ग्वालियर से दिल्ली जा रही थी, तभी रोड पर खड़े ट्रक में बस पीछे से जा टकराई. जिसमें तीन यात्रियों की मौत हो गई, करीब 10 यात्री घायल हैं. पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया था.