मुंबई के बांद्रा वर्ली सी लिंक पर सुबह करीब 3.30 बजे दर्दनाक हादसा हो गया. पहले से ही दुर्घटनाग्रस्त कार और वहां मौजूद एक एंबुलेंस से 3 और वाहन टकरा गए. हादसे में कई लोग घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि पांचों वाहनों के शीशे बिखर गए. इस दिल दहला देने वाले हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है.

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा-

इस हादसे से पहले ही बांद्रा वर्ली सी लिंक पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. घायलों को लेने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई. लेकिन वहां आई एंबुलेंस घायलों को ले जा रही थी, तभी पीछे से आ रहे 3 और वाहन एंबुलेंस और पहले ही दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी कार से टकरा गए. इसके बाद सी लिंक पर यह बड़ा हादसा हो गया. इसी बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया गया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया.

हादसे में 3 से 4 लोगों की हालत बेहद नाजुक-

इस खतरनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 3-4 लोगों की हालत बेहद नाजुक है. फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है और पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचित कर दिया है. साथ ही पुलिस ने अब आगे की जांच शुरू कर दी है. इधर बांद्रा से वर्ली जाने वाले रास्ते को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है.