एक पुरानी कहावत है कि बूंद-बूंद से घड़ा भरता है, लेकिन अगर हम आपको एक-एक रुपये के सिक्के से बाइक खरीदने को कहें तो शायद आपको यह अजीब लगें..! लेकिन यह एक सच्चाई है और तमिलनाडु के एक युवक ने ऐसा कर दिखाया है। युवक ने 1-1 रुपये के सिक्के से करीब 2.6 लाख रुपये जमा किए और उन्हीं सिक्कों से उसने अपनी मनपसंद बाइक खरीदी।  

शोरूम में मौजूद लोग दंग रह गए :

रिपोर्ट्स के मुताबिक 29 साल के वी. बुपति तमिलनाडु के सेलम में रहते हैं। शनिवार को वह अपनी मनपसंद बाइक लेने शोरूम पहुंचे। उन्हें बजाज डोमिनार 400 मॉडल की बाइक खरीदनी थी। शोरूम के कर्मचारियों से बाइक के बारे में बात करते हुए जब उन्होंने भुगतान के लिए एक बड़ा बैग निकाला तो शोरूम में मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दरअसल, युवक बाइक खरीदने के लिए 1-1 के सिक्के लेकर आया था और इन सिक्कों की कीमत करीब 2 लाख 60 हजार रुपये थी। 

सिक्कों को गिनने में 10 घंटे लगे :

सिक्कों को गिनने में शोरूम को कथित तौर पर 10 घंटे का समय लगा। युवक ने कहा कि वह सिक्कों को 3 साल से इकट्ठा कर रहा था। जब भी उसे मंदिर या चाय की दुकान पर 1 सिक्का मिलता, तो वह उसे इकट्ठा कर लेता था।

शोरूम मैनेजर ने कही यह बात: 

शोरूम मैनेजर महाविक्रांत ने बताया कि पहले उन्होंने सिक्के लेने से इंकार कर दिया था। लेकिन वह युवक को निराश नहीं करना चाहते थे, इसलिए वह बाद में राजी हो गए। 1 लाख रुपये के सिक्के ज़मा करने पर बैंक उनसे 140 रुपये चार्ज करेगा। लेकिन वह फिर भी राजी हो गए क्योंकि युवक का सपना इस बाइक को खरीदने का था और उसने इसके लिए काफ़ी मेहनत भी की थी।