भोपाल: राज्य सरकार ने नये स्टेट जेट प्लेन की खरीदी के लिये टेण्डर जारी किये थे तथा इसमें अनेक विदेशी निर्माता कंपनियों ने अपनी दरें प्रस्तुत की हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति की मंजूरी के बाद यह प्रकरण कैबिनेट में जायेगा। इसके लिये विमानन विभाग ने तैयारियां प्रारंभ कर दी है। नया प्लेन करीब ढाई सौ करोड़ रुपयों का आयेगा।
नये स्टेट हेलीकॉप्टर की खरीदी का भी टेण्डर जारी होगा :
इधर नये राजकीय हेलीकाप्ट की खरीदी की टेण्डर भी जारी किया जायेगा। विमानन विभाग ने इसके लिये एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट जारी किया था जिसमें अनेक निर्माता कंपनियों ने अपने यहां निर्मित हेलीकॉप्टर की तकनीकी खूबियां बताई हैं। अब इस आधार पर टेण्डर बनाया जा रहा है जिसमें अपेक्षित शर्तें होंगी तथा इस टेण्डर में जो दरें आयेंगी उसके अनुसार नये राजकीय हेलीकाप्टर का क्रय किया जायेगा।
दुर्घटनाग्रस्त स्टेट प्लेन का वेल्युएशन होगा :
इधर ग्वालियर में दुर्घटनाग्रस्त पड़ा राजकीय प्लेन किंग एयर बी-250 टर्बोप्राप का वेल्युएशन कराने के लिये भी टेण्डर जारी किया गया है। यह प्लेन 6 मई 2021 को ग्वालियर में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था तथा तब से वहीं पड़ा हुआ है। वेल्युएशन में जो दरें आयेगी वहीं इसकी ऑफसेट प्राइज होगी तथा इसके बाद इसे बेचने के टेण्डर जारी किये जायेंगे तथा उसमें ऑफसेट प्राइज से कम कीमत में यह प्लेन नहीं बेचा जायेगा।