Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ मेयर चुनाव में हुई धांधली को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार यानी 20 फरवरी को नतीजा खारिज करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) उम्मीदवार कुलदीप कुमार को विजयी घोषित कर दिया है.
आज सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) डीवाई चंद्रचूड़ ने रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा अमान्य घोषित किए गए सभी 8 वोटों को मान्य करार देने के निर्देश दिए. बता दें कि इन सभी वोटों के बैलेट पेपर पर रिटर्निंग ऑफिसर ने क्रॉस लगाकर अमान्य घोषित कर दिया था.
हालांकि, सुनवाई के दौरान CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि सभी 8 वोट याचिकाकर्ता उम्मीदवार कुलदीप कुमार के पक्ष में थे. उन्होंने साफ़ शब्दों में कहा कि रिटर्निंग अफसर ने अपने अधिकार से बाहर जाकर काम किया है. CJI ने बताया कि कल सोमवार को सवाल पूछने से पहले हमने अनिल मसीह को गंभीर नतीजा भुगतने की चेतावनी भी दी थी.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, रिटर्निंग ऑफिसर ने 8 बैलेट पेपर पर अपना मार्क लगाया. ऑफिसर ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जा कर काम किया. रिटर्निंग ऑफिसर ने अपराध किया है. इसके लिए उसके खिलाफ समुचित कार्रवाई हो. सुप्रीम कोर्ट ने अनिल मसीह के खिलाफ अवमानना और कारण बताओं का नोटिस जारी किया है.