आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया को दिल्ली पुलिस ने तीन घंटे की हिरासत के बाद रिहा कर दिया। इस दौरान उनसे वायरल वीडियो के बारे में पूछताछ की गई। इसके बाद अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि, गुजरात के लोगों के भारी दबाव के कारण उन्हें गोपाल इटालिया को छोड़ना पड़ा। आज गुजरात की जनता जीत गई।

दिल्ली पुलिस गोपाल इटालिया को सरिता विहार थाने ले गई। एक वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने गोपाल इटालिया को पूछताछ के लिए दिल्ली तलब किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हे हिरासत में ले लिया। इससे पहले गोपाल इटालिया का एक और वीडियो वायरल हुआ था। जिसमें वह पीएम मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते नजर आए थे। तब से बीजेपी लगातार आम आदमी पार्टी और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर निशाना साध रही है।

महिलाओं को मंदिर न जाने की सलाह-

बीजेपी ने हाल ही में गोपाल इटालिया का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें गोपाल इटालिया कहते नजर आ रहे हैं, मैं माताओं-बहनों से अपील करता हूं कि आपको कथा और मंदिरों में कुछ नहीं मिलेगा, ये शोषण के घर हैं, अगर आपको आपका अधिकार चाहिए, इस देश पर आपको शासन करना हो, समान हक चाहिए। तो कथाओं में नाचने की बजाय, (हाथ में एक किताब की तरफ इशारा करते हुए) मेरी माताओं, बहनों ये पढ़ो।

पीएम पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियां-

इससे पहले आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया का पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्द कहने का एक वीडियो सामने आया था। जिसमें आप नेता गोपाल इटालिया ने पीएम नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे को ड्रामा बताया। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी के लिए अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया था। 

आप ने किया था दावा-

उधर, आम आदमी पार्टी ने दावा किया है कि गोपाल इटालिया को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पार्टी के मुताबिक दिल्ली पुलिस गोपाल इटालिया को सरिता विहार थाने ले गई है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि गोपाल इटालिया को हिरासत में लेने वालों को नहीं पता कि स्कूलों की हालत कैसे सुधारी जाए। 27 साल में ये लोग स्कूल की हालत नहीं सुधार सके। इटालिया एक ऐसी पार्टी से जुड़ा है जो शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काम कर रही है।

गोपाल इटालिया कौन है?

गोपाल इटालिया, जिन्होंने गुजरात पुलिस में एक कांस्टेबल के रूप में कार्य किया, पाटीदार आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे। 2015 में हार्दिक पटेल के साथ उन्होंने गुजरात में पाटीदार आरक्षण के लिए आंदोलन शुरू किया और फिर राजनीति में प्रवेश किया। वर्ष 2020 में, गोपाल इटालिया ने आम आदमी पार्टी के साथ अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और जल्द ही आप के गुजरात उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त हुए। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के कुछ महीने बाद, केजरीवाल ने गोपाल इटालिया को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया और गुजरात में पार्टी की कमान सौंपी।

साल 2017 में इटालिया ने गुजरात के गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा पर जूता फेंका था। नतीजतन, सेवा नियमों के उल्लंघन के लिए इटालिया को क्लर्क के पद से बर्खास्त कर दिया गया था। जिसके बाद से ही इटालिया पाटीदार समाज के बड़े नेता कहलाने लगें।