तिहाड़ जेल में बंद आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन की मसाज कराते हुए वीडियो सामने आया है। इसके बाद अब आम आदमी पार्टी की ओर से सफ़ाई दी जा रही है।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने वीडियो को लेकर कहा कि, “सत्येंद्र जैन के स्पाइन-इंजरी के दो ऑपरेशन हुए हैं। उनको डॉक्टर ने रेगुलर फ़िज़ियोथेरेपी बताई है। कोविड के बाद से उनके लंग्स में पैच है जो अभी ठीक नहीं हुआ है। किसी आदमी की बीमारी और उसको दिए जा रहे इलाज का मज़ाक़ बनाने की सोच ही बहुत घटिया है।”

आपको बता दे, कि मनी लॉन्ड्रिंग केस में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में तिहाड़ जेल में बंद सत्येंद्र जैन जेल में ही मसाज करवाते नज़र आ रहे हैं। वायरल वीडियो के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल घिरते नजर आ रहे हैं। 

वायरल वीडियो में सत्येंद्र जैन जेल में न सिर्फ मसाज का लुत्फ उठा रहे हैं बल्कि कई लोग उनकी खिदमत करते भी देखे जा सकते हैं। वीडियो को जेल का सीसीटीवी फुटेज ही बताया जा रहा है। वीडियो सितंबर महीने होने का दावा किया जा रहा है। दिल्ली सरकार ने अब तक सत्येंद्र जैन को बर्खास्त नहीं किया है। 

वीडियो से साफ है कि जैन को जेल में वीवीआईपी सुविधाएं मिल रही हैं। वहीं, तिहाड़ जेल प्रशासन के मुताबिक उसके संज्ञान में जब यह वीडियो आया था, तब  ही एक्शन लेकर संबंधित अधिकारियों और जेल स्टाफ पर कार्रवाई की जा चुकी है। 

गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बीते दिनों कोर्ट में आरोप लगाया था कि सत्येंद्र जैन को दिल्ली की तिहाड़ जेल में VIP ट्रीटमेंट मिल रहा है। ED ने तमाम सबूत भी कोर्ट में पेश किये थे। इसके बाद ही एलजी के आदेश पर एक जांच कमेटी गठित की गई और इस सिलसिले जेल नम्बर 7 के सुपरिटेंडेंट अजित समेत 58 अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया था।