नई दिल्ली: पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद अब आम आदमी पार्टी की नज़र नवंबर 2022 में होने वाले हिमाचल प्रदेश और गुजरात चुनाव पर है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इन दोनों राज्यों में चुनाव लड़ने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान दोनों ही राज्यों में चुनाव प्रचार करेंगे।
Bhagwant Mann, Arvind Kejriwal to campaign soon in poll bound Himachal Pradesh, Gujarat
— ANI Digital (@ani_digital) March 14, 2022
Read @ANI Story | https://t.co/DBV9oFs2LA#AamAadmiParty #HimachalPradesh #Gujarat pic.twitter.com/OcGAtANIr5
हिमाचल प्रदेश और गुजरात में अब तक कांग्रेस बीजेपी के खिलाफ सबसे बड़ी पार्टी थी। हालाँकि, अब आम आदमी पार्टी की पकड़ भी राज्यों में मजबूत होती जा रही है, इस बार यह चुनाव त्रिकोणीय भी हो सकता है, क्योंकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत का अन्य राज्यों के लोगों पर गहरा प्रभाव पड़ा है। हिमाचल प्रदेश पंजाब से सटा राज्य है, इसलिए आम आदमी पार्टी आसानी से हिमाचल प्रदेश के लोगों के मन में जगह बना सकती है।
वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी ने गुजरात में सूरत नगर निगम चुनाव में भारी जीत हासिल की थी। ऐसे में आम आदमी पार्टी को लगता है कि वह गुजरात विधानसभा चुनाव में भी कुछ सीटें जीत सकती है। हालांकि, यह देखना जरूरी है कि आम आदमी पार्टी गुजरात में 182 सीटों और हिमाचल प्रदेश में 68 सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनाव में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
पंजाब में आम आदमी पार्टी का बहुमत :
इस बीच, आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में 117 सीटों पर चुनाव लड़ा था। आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटों पर जीत हासिल की है। इसलिए अब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू, प्रकाश सिंह बादल और अमरिंदर सिंह समेत कई दिग्गजों को हराया है।