दिल्ली नगर निगम (MCD) में आज हुए मेयर चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को हार का सामना करना पड़ा है. तो वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) की तरफ से उम्मीदवार शैली ओबेरॉय दिल्ली की नई मेयर चुनी गई है. इस चुनाव में शैली ओबरॉय को 150 वोट मिले हैं. 39 साल की शैली ओबरॉय 2022 में पहली बार पार्षद चुनी गई. दिल्ली नगर निगम चुनाव में AAP की जीत के बाद मेयर पद को लेकर काफी सस्पेंस बना हुआ था.

बीजेपी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को हराया-

पहली बार पार्षद और मेयर बनी शैली ओबेरॉय ने एमसीडी चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को हरा दिया हैं. इस चुनाव में शैली ओबेरॉय को 150 वोट मिले, जबकि बीजेपी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 116 वोट मिले हैं.

कौन हैं शैली ओबेरॉय?

पहली बार वार्ड नंबर 86 से पार्षद का चुनाव जीतकर शैली ओबेरॉय MCD पहुंचीं. शैली ओबेरॉय बहुत ही तेज-तर्रार युवा नेता हैं. शैली ओबेरॉय ने पीएचडी तक की पढ़ाई की है. राजनीति में आने से पहले शैली डीयू में असिस्टेंट प्रोफेसर थीं. वह इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स की आजीवन सदस्य भी हैं. उन्होंने स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से दर्शनशास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है.

दिल्ली एमसीडी में AAP का कब्ज़ा?

हाल ही में हुए MCD चुनावों में, केजरीवाल की पार्टी ने कुल 250 में से 134 वार्ड जीते, जबकि भाजपा ने 104 वार्ड जीते, तो वहीं कांग्रेस ने 9 वार्ड जीते. दिल्ली नगर निगम का गठन अप्रैल 1958 में हुआ था और इसके मेयर के पास 2012 तक प्रभावशाली शक्तियाँ थीं. 2012 में, निगम को तीन अलग-अलग नगर निगमों में विभाजित किया गया था, जिसमें प्रत्येक निगम का अपना महापौर था. लेकिन 2022 में, केंद्र ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम (104 वार्ड), दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (104 वार्ड) और पूर्वी दिल्ली नगर निगम ( 64 वार्ड) को मिला दिया. हालांकि, वार्डों की संख्या 272 से घटाकर 250 कर दी गई थी.