Lok Sabha Election 2024: पश्चिम बंगाल के बाद अब पंजाब में भी विपक्षी गठबंधन इंडिया (I.N.D.I.A) को बड़ा झटका लग सकता है. पंजाब के मुख्यमंत्री और आप नेता भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने के संकेत दे दिए हैं.
सीएम भगवंत मान ने एक बयान में कहा कि पंजाब में AAP पार्टी सभी 13 लोकसभा सीटें जीतेगी. हालांकि, उन्होंने आगे साफ़ कर दिया कि वह ममता बनर्जी को फॉलो नहीं करेंगे. लेकिन, हां उनके द्वारा पंजाब की सभी 13 सीटों पर AAP के जीत दर्ज कराने की बात भी कही गई है.
फ़िलहाल, राजनीतिक गलियारों में इस बयान के कई मतलब निकाले जा रहे हैं. सबके बड़ा सवाल तो यहीं कि क्या पंजाब में AAP अकेले चुनाव लड़ेगी. ऐसा इसलिए क्योंकि ये बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 'एकला चलो' का नारा देते हुए सूबे में अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है.
इस ऐलान के बाद से ही विपक्षी गठबंधन की तमाम रणनीति और सीट शेयरिंग पर भी संकट के बादल गहराने शुरू हो गए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूत्र बताते हैं कि पंजाब संगठन के अकेले चुनाव लड़ने के प्रपोजल को दिल्ली सीएम और AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अप्रूवल दे दिया है.
अगर ये दावा सहीं साबित होता है तो यह कहने में कोई संकोच नहीं होगा कि आम आदमी पार्टी भी ममता बनर्जी की राह पर चलते हुए अकेले चुनाव लड़ने का मन बना सकती है. बताया जा रहा है कि जल्द ही इसको लेकर कोई बड़ा ऐलान भी किया जा सकता हैं.
बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 28 विपक्षी पार्टियां इंडिया गठबंधन के बैनर तले एक मंच पर आई है. इसके ज़रिये विपक्ष एकजुट होकर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) को हराने का दम भर रहा हैं लेकिन अब ममता बनर्जी के बाद भगवंत मान के इस बयान से विपक्षी गठबंधन को बड़ा झटका लग सकता है.