MP News: जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में हुए बेसबॉल नेशनल प्लेयर संजना बरकड़े सुसाइड मामले में एक बड़ा खुलासा सामने आया है. दरअसल, संजना पर उसका दोस्त अब्दुल मंसूरी उर्फ राजन खान लगातार धर्मांतरण का दबाव डाल रहा था. 

संजना के सुसाइड से पहले राजन ने उसकी मां को किसी अनजान नंबर से कॉल कर धमकाया भी था. फ़िलहाल, पुलिस ने राजन को गिरफ्तार कर लिया हैं. शुरुआती जांच में यह पता चला है कि आरोपी राजन युवती को काफी प्रताड़ित करता था. जिससे परेशान होकर 5 जून को संजना बरकड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.

खबरों के मुताबिक, सोशल मीडिया (इंस्टाग्राम) के जरिए संजना की दोस्ती रीवा निवासी राजन उर्फ़ अब्दुल राशिद से हुई थी. करीब 1 साल से दोनों के बीच बातचीत चलती रही थी. अब इस घटना के बाद पुलिस ये पता लगाने में जुट गई है कि किस कारण संजना ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है?

अभी तक जांच में जो बात निकलकर सामने आई हैं वह सिर्फ धर्मांतरण की तरफ ही इशारा कर रही हैं. संजना के पिता ने अपने बयान में इस बात का जिक्र भी किया है कि आरोपी अब्दुल उसे मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए मजबूर कर रहा था. बता दें कि संजना संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के गंगानगर में किराए के मकान में अपने माता पिता के साथ रहती थी. 

घटना वाले दिन यानी 5 जून को उसके माता-पिता सिवनी जिले में शादी समारोह कार्यक्रम में गए हुए थे. तभी उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतिका संजना मानकुंवर बाई कॉलेज में बीए सेकंड ईयर की स्टूडेंट थी. इसके साथ ही वो बेसबॉल नेशनल प्लेयर भी थी. अब पुलिस लव जिहाद के एंगल से भी इस मामले की जांच में जुटी गई है.