भोपाल: हनुमानगंज थाना क्षेत्र स्थित भारत टॉकीज के पास लिफ्ट सुधारने पहुंचे इंजीनियर की लिफ्ट में फंसकर मौत हो गई। लिफ्ट में फंसने के बाद उसे वहां मौजूद लोग लिफ्ट से निकालकर हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पीएम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि शिशुपाल सिंह तोमर (40) अशोका गार्डन में रहता था। शिशुपाल निजी कंपनी में लिफ्ट इंस्टॉलेशन मेंटेनेंस का काम देखता था।
भारत टॉकीज स्थित भारत क्रोकरी नामक दुकान की 4 मंजिला बिल्डिंग में लिफ्ट का इंस्टॉलेशन शिशुपाल सिंह द्वारा ही किया गया था। लिफ्ट में तकनीकी समस्या आने के कारण बिल्डिंग के मालिक ने शिशुपाल सिंह को लिफ्ट सुधारने के लिए मंगलवार शाम बुलाया था।
मंगलवार शाम शिशुपाल लिफ्ट में काम कर रहा था इसी दौरान लिफ्ट में फंस कर घायल हो गया। वहां मौजूद अन्य लोग शिशुपाल को लेकर हमीदिया अस्पताल पहुंचे वहां देर रात डॉक्टर ने शिशुपाल को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि आज घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की जाएगी। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा की शिशुपाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई।