एक्ट्रेस-फिल्म निर्माता पूजा भट्ट बुधवार को 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुईं और राहुल गांधी के साथ-साथ चल दीं। यात्रा के दौरान पूजा भट्ट को रहुल के साथ चर्चा करते हुए भी देखा गया। कांग्रेस ने पूजा भट्ट और राहुल गांधी की एक फोटो ट्वीट करते हुए लिखा, 'हर दिन एक नया इतिहास बन रहा है।

पूजा भट्ट सोशल मीडिया पर हर तरह के मुद्दों पर मुखर रही हैं। उन्होंने 1989 में फिल्म डैडी के साथ अपने एक्टिंग करियर की शुरात की थी। फिल्म निर्माता महेश भट्ट की बेटी ने प्रोडक्शन में शामिल होने से पहले "दिल है की मानता नहीं", "सड़क", "फिर तेरी कहानी याद ऐ", "सर" और "ज़ख्म" जैसी फिल्मों में अच्छा प्रदर्शन किया। पूजा ने तमन्ना, सुर, पाप और हॉलिडे का निर्देशन भी किया है।

भारत जोड़ो यात्रा का आज 56वां दिन है। इसकी शुरुआत बुधवार सुबह हैदराबाद शहर के बालानगर मेन रोड स्थित एमजीबी बजाज शोरूम से हुई। यह दौरा सुबह एक बार हाफिजपेट के होटल किनारा ग्रांड में रुकेगा और फिर भेल बस स्टैंड से शुरू होगा। शाम को यात्रा मुथंगी के पास हरि दोष पर रुकेगी, जबकि रात में यात्रा रुद्रराम गणेश मंदिर के सामने कौलमपेट के पास रुकेगी।

भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। यात्रा पिछले सप्ताह तेलंगाना में प्रवेश करने से पहले तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से होकर गुजरी। कांग्रेस की तेलंगाना इकाई ने यात्रा के समन्वय के लिए 10 विशेष समितियों का गठन किया है।