भोपाल: राज्य शासन के भोपाल स्थित वन मुख्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप ग्रुप्स एवं कुछ अनधिकृत वेबसाइटों के माध्यम से वन रक्षक भर्ती के नाम पर भ्रामक एवं फर्जी प्रसारित सूचनाओं से बचने की एडवाईजरी जारी की है। इन फर्जी सूचनाओं में अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क अथवा चयन सुनिश्चित करने के नाम पर धनराशि की मांग की जा रही है, जो पूर्णत: धोखाधड़ी का प्रयास है। वन मुख्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में वन रक्षक पदों पर भर्ती हेतु प्रचलित प्रक्रिया राज्य कर्मचारी मण्डल भोपाल के माध्यम से की जा रही है जिसकी विस्तृत सूचना, भर्ती प्रक्रिया एवं नियम राज्य कर्मचारी मण्डल भोपाल की अधिकृत वेबसाईट पर उपलब्ध है।
विभाग द्वारा जारी की जाने वाली सभी वैध एवं अधिकृत सूचनाएं केवल इसी आधिकारिक शासकीय वेबसाइट एवं विभागीय नोटिफिकेशन के माध्यम से ही उपलब्ध कराई जाती हैं। इसलिये सभी अभ्यर्थियों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि फार्म भरने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 को समाप्त हो चुकी है। भर्ती के नाम पर किसी को भी धनराशि न दें। केवल आधिकारिक स्रोतों पर उपलब्ध जानकारी पर ही विश्वास करें। यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार की फर्जी भर्ती या धोखाधड़ी से संबंधित कोई सूचना प्राप्त होती है, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा वन विभाग के कार्यालय (0755-2524000) को सूचित करें ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके और अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के आर्थिक एवं मानसिक नुकसान से बचाया जा सके।