देश में दोपहिया वाहन काफी लोकप्रिय हैं. वहीं बाइक कंपनियां भी हर दिन अपने ग्राहकों के लिए नई गाड़ियां पेश कर रही हैं। इन बाइक्स में औसत गाड़ियों से लेकर प्रीमियम बाइक्स तक शामिल हैं।

ऐसे में घरेलू कंपनियों के साथ-साथ कई अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भी अपनी बाइक्स को भारत लाने की जोरदार तैयारी कर रही हैं। रॉयल एनफील्ड देश के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। इसी सेगमेंट में चीन की कंपनी QJ Motor भी अपनी बाइक बाजार में उतारने जा रही है।

चीन की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी QJ (चीनी मोटरसाइकिल निर्माता QJ Motor) अब भारत में अपनी 4 बाइक लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। QJ चीन के सबसे बड़े दोपहिया निर्माताओं में से एक है।

सूत्रों की मानें तो कंपनी अब आदिश्वर ऑटो राइड इंडिया (AARI) के जरिए भारतीय बाजार में एंट्री करेगी। आदिश्वर ऑटो राइड इंडिया (AARI) इसका वितरण भागीदार है जो वर्तमान में भारत में QJ मोटर उत्पादों की बिक्री को संभाल रहा है। अब आदिश्वर मोटो वॉल्ट शोरूम के जरिए भारत में 4 नई QJ बाइक्स लॉन्च करेगा।

QJ Motor न केवल भारत में अपनी 4 नई बाइक पेश करेगी बल्कि 130 अन्य देशों में भी प्रवेश करेगी। QJ Motor CKD रूट के जरिए अपनी चार बाइक लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।
इन 4 मोटरसाइकिल्स में SRC250, SRC 500, SRV 300 और SKR 400 शामिल हैं। SRC 250 बाइक में 250cc का इंजन मिलेगा, इसके अलावा SRC500 मॉडल में 500cc का इंजन मिलेगा, SRV300 में 300cc का इंजन मिलेगा और अंत में SRK400 में 400cc का इंजन मिलेगा।