केदारनाथ मंदिर और ईशानेश्वर मंदिर के शिखर पर सोने के कलश लगाए जाने की कवायद तेज हो गई है। 28 साल बाद केदारनाथ मंदिर के शीर्ष पर स्वर्ण कलश स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए कलश के डिजाइन और आकार विचार किया जा रहा है।

सोने के कलश के लिए कई दानदाताओं ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति से संपर्क किया है। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुताबिक़ केदारनाथ और ईशानेश्वर मंदिरों के शीर्ष पर स्वर्ण जड़ित कलश स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए चर्चा के बाद सहमति बन गई है।

महाराष्ट्र और गुजरात के तीन शिवभक्तों ने 5 से 7 किलो तक वजनी कलश को मंदिर के शीर्ष पर लगाने इच्छा जताई है। यह कलश पुराने कलश की आकृति की प्रतिमूर्ति होगा। मंदिर समिति जल्दी इन लोगों से वार्ता कर सभी औपचारिकताएं पूरी करेगी।

बताया जा रहा है कि 28 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद मंदिर में नया त्रिभुजाकार स्वर्ण मंडित कलश सुशोभित किया जाएगा। मंदिर समिति यह तय करेगी कि इजिस तरह से तीन दानदाताओं ने स्वर्ण मंडित कलश भेंट करने के प्रति अपनी इच्छा जाहिर की है उसको देखते हुए तीनों के सहयोग से भव्य कलश स्थापित किया जा सके।