अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से आई त्रासदी के बीच जहां 16 श्रद्धालुओं की मौत हो गई वहीं कई लोगो के अब भी लापता होने की ख़बर है। वहीं इस बीच मौसम के बदलाव को देखते हुए केदारनाथ यात्रा भी स्थगित कर दी गई है।

दरअसल रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन का कहना है कि भारी बारिश के मद्देनजर किसी अप्रिय घटना की आशंका के बीच तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। बारिश के कारण रास्तों पर पत्थर गिरने की वजह यात्रा में बाधा आ रही है।
वहीं केदारनाथ धाम के रास्ते में यात्रियों की भारी संख्या से कई जगह जाम की स्थिति भी देखी जा रही है। इसी कारण रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने यात्रा स्थगित करने का फैसला किया है।

हाल ही में आई उत्तराखंड सरकार की एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई थी कि इस साल देवभूमि में चारधाम यात्रा के लिए आये श्रद्धालुों की मौतों का आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इसका कारण ख़राब मौसम के साथ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं में कोरोना के बाद के असर को बताया गया था।