वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन फिर से मवेशियों के झुंड से टकरा गई। नई-नई लॉन्च हुई मुंबई सेंट्रल-गांधीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस शुक्रवार को एक बार फिर मवेशियों से टकरा गई। दो दिन में ये दूसरी घटना है।
एक अधिकारी ने बताया कि गांधीनगर से रास्ते में वडोदरा सेक्शन में आनंद स्टेशन के पास एक गाय ट्रेन से जा टकराई, जिससे ट्रेन के अगले हिस्से में डेंट आ गया। 10 मिनट रुकने के बाद ट्रेन के समय में बदलाव किया गया।
इससे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पास भैंसों के झुंड से टकरा गई थी। हादसे में चार भैंसों की मौत हो गई। जिसमें वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का अगला हिस्सा टूट गया था। आपको बता दें कि रेलवे सुरक्षा बल ने भैंस के मालिक के खिलाफ FIR भी दर्ज की थी।
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 सितंबर को गांधीनगर से हरी झंडी दिखाई थी। नए अपग्रेड से ट्रेन अधिकतम 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेगी। हालांकि, फिलहाल इसकी अधिकतम स्पीड 130 किमी प्रति घंटे तय की गई है। मोदी ने इसमें गांधीनगर से अहमदाबाद का भी सफर किया।