पेगासस मामले में बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पेगासस को लेकर झूठे आरोप लगाए गए हैं। संसद को कई दिनों तक चलने नहीं दिया गया। अब क्या कांग्रेस इसके लिए माफी मांगेगी? क्या राहुल गांधी माफी मांगेंगे?

देखिये लाइव-

 

सुप्रीम कोर्ट के बयान के बाद बीजेपी ने आज एक बार फिर कांग्रेस पर हमला बोला। बीजेपी ने कहा कि कोर्ट द्वारा गठित हाई-प्रोफाइल तकनीकी समिति, जिसमें प्रौद्योगिकी क्षेत्र के प्रतिष्ठित लोग शामिल थे। परीक्षण के लिए जमा किए गए 29 मोबाइलों में से किसी में भी पेगासस वायरस नहीं पाया गया। उन्होंने कहा कि पेगासस को लेकर कांग्रेस द्वारा उन पर कई आरोप लगाए गये थे। तो क्या अब राहुल गांधी इसके लिए देश से माफी मांगेंगे।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा था कि पेगासस लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश है। यह देश और उसकी संस्थाओं पर हमला है। लेकिन अब कोर्ट के फैसले के बाद यह राजनीति से प्रेरित अभियान प्रतीत होता है और उनके आरोप सच्चाई से भी कोसों दूर है। शायद इसके जरिये उनकी पीएम मोदी को कमजोर करने और बदनाम करने की कोशिश थी।

रविशंकर प्रसाद ने आगे कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस की समस्या यह है कि उन्हें हमारे पीएम मोदी और बीजेपी सरकार से दुश्मनी इतनी है कि उन्हें अपनी पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए झूठ का सहारा लेना पड़ रहा हैं। कांग्रेस को हमें जासूसी का उपदेश नहीं देना चाहिए क्योंकि दिवंगत प्रणब मुखर्जी जब वित्त मंत्री थे, तब कांग्रेस ने उनके कार्यालय में जासूसी करने का ही काम किया था।