भोपाल: कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित भदभदा विश्राम घाट के पास में सोमवार- मंगलवार की दरमियानी रात आपे चालक और उसके तीन साथियों ने मिलकर आर्मी मैन से चेन और सात हजार रुपए छीन लिए।
आर्मी मैन ने मालगुडी ढाबा के पास बिलखिरिया से रंग महल आने के लिए आपे चालक से लिफ्ट मांगी थी। कमला नगर पुलिस ने आर्मी मैन की शिकायत पर चारों लुटेरों पर लूटपाट और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एसआई मितलेश भारद्वाज ने बताया कि 39 साल के नरेंद्र कुमार तिवारी, क्रांति इंक्लेव परवलिया में रहते हैं। वे आर्मी के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। वह सोमवार को पत्नी के साथ में मालगुडी ढाबा खाना खाने गए थे। वहां खाना खाने के बाद उन्होंने पत्नी को ढाबे से खाना खिलाकर घर भेज दिया।
जबकि वह ढाबे पर शराब पार्टी करने के लिए रुक गए। देर रात ढाबा पर खाने पीने के बाद वह घर के लिए निकले और रास्ते में साधन तलाशने लगे। कुछ दूर तक पैदल चलने के बाद उन्हें आपे मिला। आपे में पहले से ही चालक समेत चार युवक बैठे थे।
आपे चालक ने परवलिया छोड़ने से मना कर दिया।
नरेंद्र ने आपे चालक से कहा था कि उन्हें परवलिया छोड़ दें, लेकिन उसने मना कर दिया। नरेंद्र ने गांधी नगर तक छोड़ने की बात कही तो भी चालक ने उन्हें मना कर दिया। अंत में रंग महल तक छोड़ने की बात कही, आरोपी आपे चालक ने उन्हें बिठा लिया।
रास्ते में चारों आरोपियों की नजर नरेंद्र के गले पर पड़ी और उन्होंने सोने की चेन देख ली। नियत बिगड़ने के बाद आरोपी उन्हें रंग महल तक लेकर पहुंचे और वहां रुके नहीं, बल्कि आपे को भदभदा तक ले गए। वहां विश्राम घाट के पास में नरेंद्र को ऑटो से बाहर निकाल दिया।
इस बीच एक युवक ने अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया। चाकू नरेंद्र के बाएं पैर पर लगा ? था। चाकू लगने से नरेंद्र डर गए डरे सहमे नरेंद्र से आरोपियों ने चेन उतारने को कहा, लेकिन नरेंद्र ने उन्हें चेन देने से इंकार कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने मारपीट करते हुए उनसे चैन और जेब में रखा पर्स छीन लिया।
मंगलवार दोपहर उन्होंने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है|