तिहाड़ जेल पॉलिटिक्स के आरोपों में अब एक नया मोड़ सामने आया है. जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर द्वारा दिल्ली के उपराज्यपाल को लिखी चिट्ठी का हवाला देते हुए BJP नेता तेजिंदर सिंह बग्गा ने आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पोस्टर वार जारी कर दिया हैं.
बग्गा ने तिहाड़ जेल के बाहर रातों-रात 'केजरीवाल मसाज सेंटर' का पोस्टर लगाकर AAP को घेरने का पूरा प्रयास किया. साथ ही पोस्टर से जुड़ा हुआ वीडियो भी ट्विटर के ज़रिये साझा किया. जिसमें उन्होंने कहा कि "हमारे दिल्ली के CM बहुत अच्छे आदमी हैं जी, उन्होंने जेल के अंदर मसाज सेंटर खोल दिया है जी".
ठीक इसी तरह का आरोप बीजेपी के लोकसभा सांसद प्रवेश वर्मा ने भी सीएम केजरीवाल पर लगाये. जिसमें उन्होंने केजरीवाल और जेल प्रशासन की मिलीभगत से तिहाड़ जेल को मसाज पार्लर बना देने का आरोप लगाया.
बता दें कि दिल्ली की सभी जेल केजरीवाल सरकार के अधीन आती हैं. जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर द्वारा दिल्ली के उपराज्यपाल को लिखी चिट्ठी का हवाला देते हुए बीजेपी ने कई प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया कि केजरीवाल के मंत्री सत्येंद्र जैन ने जेल में रहते हुए ठगी के मामले में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर को तिहाड़ जेल के अंदर 5स्टार सुविधा दिलवाने के नाम पर करोड़ो रुपए ठगने का काम किया.
ये बात खुद सुकेश चंद्रशेखर ने भी उपराज्यपाल को लिखी चिट्ठी में बताई हैं. बीजेपी सांसद प्रवेश वर्मा ने आरोप लगाते हुए बताया था कि जेल में बंद मंत्री सत्येंद्र जैन को भी हेड मसाज के साथ-साथ समय समय पर फुट मसाज और बैक मसाज जैसी सुविधाएं भी दी जा रही है.
फ़िलहाल इस चिट्ठी ओर पोस्टर के वायरल होने के बाद से ही बीजेपी और आम आदमी पार्टी एक दुसरे पर वार-पलटवार कर रहीं है. AAP ने इन आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा कि मोरबी हादसे को दबाने के लिए बीजेपी इस चिट्ठी का सहारा ले रही हैं.