भोपाल: प्रदेश के राज्यपाल ने नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलपति के चयन हेतु गठित समिति का पुनर्गठन कर दिया है। पहले इस समिति में राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विवि भोपाल के कुलपति प्रो. सुनील कुमार भी शामिल थे और वे चयन समिति के अध्यक्ष भी थे परन्तु राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विवि में एफडी संबंधी एक बड़े घोटाले में उनके खिलाफ एफआईआर होने पर उन्होंने कुलपति चयन समिति से इस्तीफा दे दिया था।
इसी कारण से इस चयन समिति का पुनर्गठन किया गया है और इसमें प्रो: सुनील कुमार के स्थान पर राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विवि ग्वालियर के कुलपति डॉ. अरविंद कुमार शुक्ला को नियुक्त कर उन्हें समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
चयन समिति में पशुपालन विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा एवं कृषि वैज्ञानिक भर्ती बोर्ड नई दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एके मिश्रा पूर्ववत सदस्य रखे गये हैं। पुनगर्ठित चयन समिति से कहा गया है कि वह छह सप्ताह में वेटनरी यूनिवर्सिटी के नये कुलपति हेतु तीन नामों का पैनल प्रस्तुत करें।