आखिरकार 12 दिनों के लंबे के इंतजार के बाद दिल्ली को नया सीएम मिल गया है। रेखा गुप्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में रेखा गुप्ता को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अब जबकि रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री बन गई हैं तो शपथ लेने के बाद से ही नई सीएम को बधाई और शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, कि दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर रेखा गुप्ता जी को बधाई। वे जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, प्रदेश संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक और मुख्यमंत्री भी हैं। मुझे विश्वास है कि वे पूरी ताकत से दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उन्हें सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।
पीएम मोदी ने सीएम के साथ शपथ लेने वाले मंत्रियों को भी बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद जी, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह जी को बधाई। यह टीम जोश और अनुभव का बेहतरीन मिश्रण है, और निश्चित रूप से दिल्ली के लिए सुशासन सुनिश्चित करेगी, उन्हें शुभकामनाएँ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है, एक्स पर उन्होंने लिखा है, कि
श्रीमती रेखा गुप्ता जी को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हृदयतल से बधाई व शुभकामनाएं! पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन व आपके कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली डबल इंजन की भाजपा सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों के साथ समग्र विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करते हुए सुरक्षा, सुव्यवस्था और सुशासन के आदर्श मानक स्थापित करेगी।
उत्तर प्रदेश के वित्तीय वर्ष 2025-2026 के बजट प्रस्तुतीकरण में व्यस्तता के कारण आपके शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित नहीं हो पा रहा हूं। पुनश्च शुभकामनाएं!
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने एक्स पर बधाई देते हुए लिखा,
रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को मंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूँ। दिल्ली के जनता-जनार्दन ने भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत प्रदान कर डबल इंजन सरकार को अपना समर्थन और आशीर्वाद प्रदान किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा सरकार जनभावनाओं के अनुरूप दिल्ली का सर्वांगीण विकास कर जन-कल्याण के कार्यों को तेज गति प्रदान करेगी। 'विकसित दिल्ली' का हमारा संकल्प आपके नेतृत्व में साकार होगा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा,
दिल्ली की जनता ने धोखे और वादाखिलाफी के राज को समाप्त कर सेवा और समर्पण की पर्याय भाजपा को चुना है। आज नवगठित भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर रेखा गुप्ता जी तथा अन्य सभी मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने दिल्ली के वंचितों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए विकसित दिल्ली का जो विजन बनाया है, वह आप सभी के कुशल नेतृत्व में निश्चित साकार होगा। भाजपा सरकार दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और संपन्न बनाकर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाएगी।