टेलीकॉम मंत्रालय ने 5-जी स्पेक्ट्रम आवंटन का काम पूरा कर लिया है। टेलीकॉम मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को टेलीकॉम कंपनियों से 5-जी लांच की तैयारी शुरू करने के लिए कहा। उम्मीद की जा रही है कि अगले महीने एयरटेल और रिलायंस जियो देश में 5जी सेवा शुरू कर सकती है।

5जी सेवा के शुरू होने से टेलीकॉम सेक्टर में नई नौकरियां भी निकलने जा रही है। टीम लीज की रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2022 में जुलाई से दिसंबर के बीच 47 फीसद टेलीकॉम कंपनियों में नई नियुक्तियां की जाएंगी। दूसरी तरफ टेलीकॉम कंपनियां बिना किसी परेशानी के चंद घंटों में स्पेक्ट्रम आवंटन के पत्र दिए जाने पर सरकार की काफी सराहना कर रही हैं। 

भारती इंटरप्राइजेज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने सरकार के इस प्रयास को इज ऑफ डूइंग बिजनेस का नायाब नमूना बताते हुए कहा कि बिना किसी परेशानी, बिना दोबारा गए, कुछ घंटों में आवेदन के पत्र दे दिए गए।