Telangana Election 2023: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के फायरब्रांड नेता अकबरुद्दीन ओवैसी एक बार फिर से चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने जनता के बीच चुनावी मंच से एक पुलिस इंस्पेक्टर को धमकी दे डाली. जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

पुलिस अधिकारी की एकमात्र गलती यह थी कि उसने आचार संहिता के कारण सभा को संबोधित कर रहे अकबरुद्दीन को संकेत देकर कहा कि उनके भाषण का समय समाप्त हो रहा है. इससे हैदराबाद से सांसद ओवैसी के भाई अकबरुद्दीन ओवैसी नाराज हो गये और पुलिस वाले को धमकी देने लगे.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, अकबरुद्दीन ओवैसी ने सरेआम एक पुलिस इंस्पेक्टर को धमकी दे डाली. पुलिस इंस्पेक्टर ने ओवैसी से राज्य में लागू आदर्श आचार संहिता का पालन करने को कहा था. पुलिस अधिकारी ने कहा, उन्हें अपना भाषण रोक देना चाहिए क्योंकि आचार संहिता के तहत निर्धारित समय सीमा पार हो गई है. तभी हैदराबाद में सभा को संबोधित कर रहे ओवैसी ने पुलिस अधिकारी को कार्यक्रम स्थल से चले जाने को कहा.

अकबरुद्दीन ओवैसी ने क्या कहा?

रिपोर्ट के मुताबिक, अकबरुद्दीन ओवैसी ने पुलिस इंस्पेक्टर से कहा कि अगर मैं अपने समर्थकों को इशारा करूंगा तो उन्हें यहां से भागना पड़ेगा. ओवैसी ने कहा कि आपको क्या लगता है कि मैं चाकू और गोलियां खाकर कमजोर हो गया हूं. बिलकुल नहीं क्योंकि मुझमें अभी भी बहुत हिम्मत है. पांच मिनट बचे हैं और मैं बोलूंगा. उन्होंने कहा कि मुझे रोकने का कोई कारण नहीं है. अगर मैं इशारा करूं तो तुम्हें भागना पड़ सकता हैं.