समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे मुलायम सिंह यादव के लिए शनिवार उनके पैतृक गांव सैफई में उनके आवास पर शांति यज्ञ का आयोजन हुआ। मुलायम सिंह यादव के पंचतत्व में विलीन होने के बाद 11वें दिन यह शांति यज्ञ अनुष्ठान के बाद 11 ब्राह्मणों के साथ करीब 2000 लोगों के भोज भी कराया गया। 

भोज के दौरान अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव ब्राह्मणों को भोज परोसते नज़र आये। भोज में पूड़ी, मट्ठे का आलू, कद्दू की सब्जी के अलावा बूंदी और इमरती परोसी गई। बड़ी तादात में लोगों के सैफई में जुटने की उम्मीद के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए। 

#बताया जा रहा है कि शांति यज्ञ अनुष्ठान में पूरा परिवार साथ दिखा। अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, डिंपल यादव समेत परिवार के अन्य सदस्य पाठ में शामिल हुए। इससे पहले अस्थि विसर्जन के समय प्रयागराज और हरिद्वार में भी पूरा परिवार साथ नज़र आया था।  

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। यहां से उनका पार्थिव शरीर सैफई लाया गया था और यहीं उनका अंतिम संस्कार हुआ था। सारे संस्कार भी सैफई में ही किये जा रहे हैं।