उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद बुधवार को समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सीतापुर पहुंचे। इसी बीच एक बैल उनकी कार के सामने आ गया। अखिलेश यादव ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, सफ़र में साँड़ तो मिलेंगे..! जो चल सको तो चलो..! बड़ा कठिन है यूपी में सफ़र जो चल सको तो चलो..!

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस वीडियो के ज़रिये आवारा पशुओं के मुद्दे पर योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने यात्रा के दौरान अपने सामने बैल का एक वीडियो ट्वीट किया और लिखा, बड़ा कठिन है यूपी में सफ़र जो चल सको तो चलो। आपकों बता दे कि, अखिलेश यादव आज सीतापुर के दौरे पर थे। उन्होंने पूर्व मंत्री नरेंद्र वर्मा के भाई स्वर्गीय महेंद्र वर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

गौरतलब है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव लगातार आवारा पशुओं का मुद्दा उठा रहे थे। समाजवादी पार्टी ने आज सांड के हमले में एक किसान की मौत से जुड़ी खबर साझा करते हुए ट्वीट में लिखा, ''किसान खेत में चारा काटने गया और उसकी मौत हो गई। पीलीभीत के काकरौआ गांव में बैल के हमले से किसान की मौत अत्यंत दुखद..! शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति है, सरकार को आर्थिक सहायता की भरपाई करनी चाहिए।

अपनी हार पर अखिलेश यादव ने आज दोहराया कि "जो चुनाव हुए हैं, उसमें समाजवादियों ने नैतिक जीत हासिल की है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के संघर्ष और सहयोग के कारण समाजवादी पार्टी बढ़ रही है और भाजपा घट रही है।