समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के काफिले का एक्सीडेंट हो गया है. उनका काफिला यूपी के हरदोई जा रहा था तभी हादसा हुआ. जिसमें चार से ज्यादा वाहन आपस में टकरा गए. इसमें एक एंबुलेंस भी शामिल है.

जानकारी सामने आई है कि इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अखिलेश यादव यहां हरपालपुर के बैठापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी मल्लावां बिलग्राम रोड के खेमीपुर गांव के पास हादसा हुआ. जिसमें चार से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं. 

दुर्घटना कैसे हुई?

खबरों के मुताबिक, अचानक सड़क पर कुछ आ जाने से एक वाहन का ब्रेक लगा और दूसरा वाहन उसमें टकरा गया. इस हादसे में अखिलेश की कार को कोई नुकसान नहीं हुआ. लेकिन उनके पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए. 

अखिलेश यादव का हरदोई का एक दिवसीय दौरा पहले से तय था. वह रात करीब 11 बजे लखनऊ से हरदोई के लिए निकले थे. उन्हें शाम साढ़े चार बजे तक वापस लखनऊ पहुंचना था.

मुरादाबाद दौरा चर्चा में रहा.. जानिए क्यों?

इससे पहले गुरुवार को अखिलेश यादव का मुरादाबाद दौरा चर्चा में रहा था. समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि योगी सरकार के दबाव में कमिश्नर और डीएम ने अखिलेश यादव के विमान को मुरादाबाद में नहीं उतरने दिया. सपा का कहना था कि ये कार्यक्रम पहले से तय था, फिर भी परमिशन नहीं दी. सपा ने इसे बेहद निंदनीय एवं अलोकतांत्रिक बताया था.